मोबाइल और सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाली गैंग गिरफ्तार

Advertisement
इंदौर,रावीकान्त वर्मा। इंदौर की प्रसिद्ध रंगपंचमी गेर के दौरान मोबाइल और सोने की ज्वेलरी चोरी करने की साजिश रचने वाली अंतरराज्यीय गैंग को क्राइम ब्रांच और छोटी ग्वालटोली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सरवटे बस स्टैंड और आसपास के होटलों में सर्चिंग अभियान चलाकर कुल 20 आरोपियों को हिरासत में लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि सभी आरोपी फ्लाइट से इंदौर पहुंचे थे और सरवटे बस स्टैंड के आसपास होटलों में ठहरे हुए थे।
पूरे मामले में एडिशनल डीसीपी रामसनेही मिश्रा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बाहरी राज्यों से आए कुछ संदिग्ध लोग रंगपंचमी की गेर के दौरान बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और छोटी ग्वालटोली पुलिस ने सरवटे बस स्टैंड और आसपास के होटलों में सर्चिंग अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान कुल 20 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। इनमें से 15 आरोपी बिहार के पूर्वी और पश्चिमी चंपारण जिले के रहने वाले हैं, जो फ्लाइट के जरिए इंदौर पहुंचे थे। वहीं 5 आरोपी नेपाल के काठमांडू से फ्लाइट से इंदौर आए थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी रंगपंचमी की ऐतिहासिक गेर में शामिल होने वाली करीब पांच लाख की भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल और सोने के आभूषण चोरी करने की फिराक में थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपी सरवटे बस स्टैंड के पास स्थित होटल नीलम और होटल गौरव में रुके हुए थे। यह गिरोह भीड़भाड़ वाले आयोजनों में जेबकतरी और लूट की वारदात करने में माहिर बताया जा रहा है। समय रहते पुलिस की कार्रवाई से एक बड़ी वारदात टल गई। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।


