छतरपुर, संजय अवस्थी। एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध के बाद छतरपुर में खाद्य विभाग ने मिलावटी और प्रतिबंधित पनीर के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पिछले एक सप्ताह में खाद्य विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों से पनीर के 8 सैंपल लिए हैं। इसके अलावा घी के 3 सैंपल और अन्य खाद्य पदार्थों के भी 2 सैंपल लिए गए हैं।


बीते रोज खाद्य विभाग की टीम ने डोमिनोस पिज्जा कैफे से भी पनीर का सैंपल लिया। खाद्य अधिकारी संतोष तिवारी ने बताया कि शासन के निर्देश के बाद जिले में लगातार खाद्य पदार्थों की जांच और सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है।


सभी सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी सैंपल में मिलावट या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति है।