इंदौर,रविकांत वर्मा। शहर के व्यस्त इलाके बॉम्बे हॉस्पिटल रोड स्थित रेडिसन चौराहे के पास शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। कार में सवार पूरा परिवार समय रहते बाहर निकल आया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक मारुति स्विफ्ट कार में दंपति, उनकी बुजुर्ग मां और करीब 3 साल की बच्ची सवार थे। अचानक कार से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। स्थिति भांपते हुए चालक ने तुरंत वाहन रोका और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना के दौरान मौके से गुजर रहे एक पानी के टैंकर चालक ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने में मदद की। उसकी सूझबूझ से आग पर जल्द काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में बड़ा नुकसान होने से बच गया।
सूचना मिलते ही विजयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसीपी पराग सैनी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आ रही है। समय रहते सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ।

