दतिया। दतिया से जुड़े बहुचर्चित धोखाधड़ी मामले में पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की याचिका पर आज दिल्ली हाईकोर्ट में अहम सुनवाई होने जा रही है। यह मामला कानूनी के साथ-साथ राजनीतिक रूप से भी काफी संवेदनशील माना जा रहा है, ऐसे में आज की कार्यवाही से पूरे प्रकरण की दिशा तय होने की संभावना जताई जा रही है। मामला न्यायमूर्ति स्वर्ण कांत शर्मा की बेंच के समक्ष सूचीबद्ध है। पिछली सुनवाई में शिकायतकर्ता पक्ष समय पर जवाब दाखिल नहीं कर सका था, जिसके बाद अदालत ने अगली तारीख 28 अप्रैल निर्धारित की थी। अब सभी पक्षों की नजरें आज की सुनवाई पर टिकी हुई हैं।यह प्रकरण दतिया स्थित भूमि विकास बैंक में कथित वित्तीय अनियमितताओं और धोखाधड़ी से जुड़ा है। इससे पहले राउज एवेन्यू कोर्ट ने राजेंद्र भारती को दोषी ठहराते हुए तीन साल की सजा सुनाई थी, जिसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई और दतिया सीट रिक्त घोषित कर दी गई।


पूर्व विधायक ने निचली अदालत के फैसले को चुनौती देते हुए सजा पर रोक (स्टे) की मांग के साथ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। आज की सुनवाई इसी याचिका पर केंद्रित रहेगी। यदि अदालत से उन्हें राहत मिलती है, तो इसका असर न केवल उनके राजनीतिक भविष्य पर पड़ेगा, बल्कि दतिया की सियासत भी नया मोड़ ले सकती है। गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भारती ने पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को हराकर बड़ा राजनीतिक उलटफेर किया था। अब एक बार फिर इस मामले को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और सभी की नजरें हाईकोर्ट के फैसले पर टिकी हैं।