छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी। छिंदवाड़ा में सोशल मीडिया पर न्यूज़ वेबसाइट और चैनलों का कंटेंट कॉपी कर इंस्टाग्राम पर अपलोड करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी मुद्दे को लेकर शहर के कोतवाली थाना परिसर में सोशल मीडिया पर वीडियो और रील बनाने वाले युवाओं की एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कोतवाली थाना प्रभारी आशीष कुमार ने युवाओं को सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि कुछ लोग न्यूज़ वेबसाइट और चैनलों के वीडियो डाउनलोड कर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर उसी तरह अपलोड कर रहे हैं, जो कि कॉपीराइट नियमों का उल्लंघन है।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि बिना पुष्टि किसी भी खबर को सोशल मीडिया पर वायरल करना अपराध की श्रेणी में आ सकता है। विशेष रूप से धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाली या अफवाह फैलाने वाली पोस्टों पर पुलिस की नजर बनी हुई है।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि ऐसे मामलों में लिखित शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर उनके इंस्टाग्राम अकाउंट को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है।
बैठक में मौजूद युवाओं से पुलिस ने अपील की कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल जिम्मेदारी और सावधानी के साथ करें और किसी भी खबर या वीडियो को पोस्ट करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि जरूर करें, ताकि शहर में अफवाह और विवाद की स्थिति पैदा न हो।



