इंदौर, रविकांत वर्मा। सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ अब जानलेवा रूप लेती जा रही है। शहर के बिचौली मर्दाना इलाके में एक रैपर के म्यूजिक वीडियो के लिए बीच सड़क पर खतरनाक स्टंट किया गया, जिसका वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है।


जानकारी के अनुसार 27 अप्रैल की रात सर्विस रोड पर एक कार चालक तीन लोगों के चारों ओर तेज रफ्तार में ‘सर्कल ऑफ डेथ’ जैसा स्टंट करता नजर आया। जांच में सामने आया कि यह पूरा शूट रैपर विनायक लश्करी के कहने पर किया जा रहा था। स्टंट के दौरान जरा सी चूक भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती थी।


पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि ‘ऑटो जस्टिस गैरेज’ के संचालक शाहबाज ने कार मालिक आशुतोष सिंह की गाड़ी से बिना अनुमति इस खतरनाक स्टंट को अंजाम दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए कनाडिया पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।


पुलिस ने आरोपियों पर सार्वजनिक स्थान पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर लोगों की जान जोखिम में डालने का मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया रील के नाम पर सड़क पर स्टंट या उपद्रव करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।