नई दिल्ली। केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने भारत सरकार की कूटनीति और पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देशवासियों को भरोसा है कि जब तक पीएम मोदी हैं, देश पर कोई विपत्ति नहीं आ सकती। नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि पूरी दुनिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शायद एकमात्र ऐसे नेता हैं जो 'मन की बात' के माध्यम से हर महीने अपने नागरिकों से जुड़ते हैं। वे देशभर के बड़े राष्ट्रीय मुद्दों से लेकर छोटी-छोटी, सार्थक कहानियों तक हर विषय पर अपने विचार साझा करते हैं।

उन्होंने कहा कि इस वक्त मिडिल ईस्ट में युद्ध जारी है, लेकिन हम सभी देशवासियों को विश्वास है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हमारे देश पर कोई विपत्ति नहीं आने वाली है। प्रारंभ में भारत का जहाज कच्चा तेल लाकर हार्मुज से निकल गया। इसके बाद चार अन्य देशों को ईरान ने अनुमति दी है। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार की कूटनीति है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत के संबंध छोटे से बड़े देशों के साथ अच्छे हैं। पीएम मोदी सिर्फ कहते नहीं करके दिखाते हैं। कोविड के दौरान 160 देशों को कोविड वैक्सीन दी। आज विश्व भारत को उम्मीद के तौर देखता है। पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम से सभी को प्रेरित किया है।

उन्होंने कहा कि विश्वास नगर मंडल के कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। पीएम मोदी की सशक्त कूटनीति और विदेश नीति के कारण आज खाड़ी युद्ध और वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत में पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी की उपलब्धता सुचारू बनी हुई है।

दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने एक्स पोस्ट में लिखा कि पीएम मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को विनोद नगर मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ सुना। इस कार्यक्रम में देश की समृद्ध संस्कृति और विरासत से जुड़े ज्ञान भारतम सर्वे का उल्लेख किया गया, जिसका उद्देश्य देशभर में उपलब्ध पांडुलिपियों का संकलन करना है। प्रधानमंत्री का यह मासिक संवाद सदैव प्रेरणा और नई दिशा प्रदान करता है। इस बार ज्ञान भारतम सर्वे, युवा सहभागिता, रणजी ट्रॉफी, जल संरक्षण अभियान, फिटनेस एवं स्वस्थ जीवनशैली तथा सौर ऊर्जा जैसे राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर विशेष जोर दिया गया, जो जनभागीदारी के माध्यम से देश को सशक्त बनाने की प्रेरणा देते हैं।