जबलपुर। जबलपुर के बरगी बांध में क्रूज डूबने की हृदय विदारक घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। बीती शाम अचानक बदले मौसम और तेज आंधी-बारिश के कारण हुए इस भीषण हादसे की खबर मिलते ही शासन-प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया था और पिछले लगभग 24 घंटे से लगातार रेस्क्यू जारी है। वहीं हादसे की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार की शाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी जबलपुर पहुँचे हैं।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटनास्थल और अस्पताल का दौरा कर इस दुखद अनहोनी में अपनी जान गँवाने वाले मृतकों के प्रति गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने उन शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की, जिनके परिवार के सदस्यों की इस हादसे में असामयिक मृत्यु हुई है। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों के पास बैठकर उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में संबल प्रदान किया। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार इस संकट की घड़ी में उनके साथ खड़ी है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता और राहत सुनिश्चित की जाएगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।


आपको बता दें कि बरगी बांध में करीब 30 लोगों से सवार क्रूज तेज लहरों और आंधी के बीच अनियंत्रित होकर जलमग्न हो गया था, जिसके बाद से ही एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों द्वारा बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।