छतरपुर। जिले की पठा चौकी में शराब पकड़ने के बाद उस पर कार्रवाई न करने और माल खुर्द-बुर्द (गोल) करने के गंभीर मामले में एसपी ने बड़ी दंडात्मक कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने पठा चौकी प्रभारी कुलदीप जादौन को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है, वहीं दो आरक्षकों को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, पठा चौकी पुलिस ने अवैध शराब पकड़ी थी, लेकिन उसकी विधिवत जब्ती बनाने के बजाय मामले को रफा-दफा करने और शराब गायब करने की शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंची थी। जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर एसपी ने आरक्षक मंगल यादव और पंकज यादव को सस्पेंड कर दिया है।
चौकी प्रभारी कुलदीप जादौन पर हुई इस कार्रवाई के बाद अब वीरेंद्र परस्ते को पठा चौकी का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। एसपी की इस सख्त कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्तता या कर्तव्य में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



