सागर, जीशान खान। बंडा विधानसभा के धामोनी स्थित कौमी एकता के प्रतीक हजरत सैयद मोहम्मद इश्हाक बली शामी उर्फ बाबा बालजति शाह के तीन दिवसीय सालाना उर्स के प्रथम दिन दरगाह परिसर आस्था और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आया। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं और अकीदतमंदों ने बाबा की दरगाह पर चादर पेश कर अमन, चैन, सुख-शांति और भाईचारे की दुआ मांगी। उर्स के मौके पर कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी भी श्रद्धालुओं के साथ दरगाह पहुंचे और पूरे सम्मान व अकीदत के साथ चादरपोशी की रस्म अदा की। दरगाह परिसर में दिनभर जायरीन की आवाजाही बनी रही और धार्मिक माहौल के बीच लोगों ने बाबा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।चादरपोशी के बाद पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने प्राचीन स्मारक एवं पुरातात्विक स्थल एवं अवशेष अधिनियम का पालन सुनिश्चित कराने के साथ धामोनी मस्जिद पर लगे ताले को खुलवाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। उन्होंने कहा कि धार्मिक परंपराओं और लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को सकारात्मक पहल करनी चाहिए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संजीव उइके तथा तहसीलदार मोहित जैन ने वरिष्ठ अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में पूर्व सरपंच पुरुषोत्तम शिल्पी, कोमल सिंह, अशरफ खान, एडवोकेट निखिल चौकसे, मोहम्मद जकी खान, अब्दुल अजीज, संदीप चौधरी, रहीश मकरानी, पुरुषोत्तम मास्टर, अनवर भाई, इरशाद रंगरेज, अजीम अंसारी, शेख असलम, अय्यूब भाई, शान पठान, मोहम्मद आसिफ, मोनू बाबा, मोहम्मद अकरम, शहंशाह खान, शानू खान, यूनुस खान, खालिक अली, विक्रम सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।