छतरपुर(संजय अवस्थी)। मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस के प्रभारी सीबी सिंह चौहान ने शनिवार को छतरपुर जिला कांग्रेस कार्यालय में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सृजनात्मक बैठक ली। बैठक में संगठन के वर्तमान कार्यों की समीक्षा की गई तथा आने वाले समय में जनता के लिए किए जाने वाले कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में 'चलो वार्ड चलो पंचायतÓ अभियान के तहत लोगों को कांग्रेस पार्टी से जोडऩे और पार्टी संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसे जनहित के मुद्दों को लगातार उठाने का फैसला लिया गया।

बैठक में देवेन्द्र सिंह (जोन प्रभारी), शिवम सिंह परिहार (जिला प्रभारी), यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह, राजवर्धन मिश्रा, गौरव दीक्षित, शुभम दुबे, विवेक अग्रवाल, अश्विनी मिश्रा सहित बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए सीबी सिंह चौहान ने कहा कि यूथ कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं के साथ पूरी तरह खड़ी है। उन्होंने कहा, अभिषेक परमार हमारे यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। अगर उन पर या अन्य किसी कार्यकर्ता पर राजनीतिक दबाव में झूठी एफआईआर दर्ज की जाती है तो हम डरने वाले नहीं हैं। कितनी भी एफआईआर करें, कितने भी लोगों को जेल में डालें, हमारा हर कार्यकर्ता जेल जाने को तैयार है।

चौहान ने केन-बेतवा लिंक परियोजना का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार द्वारा प्रभावित ग्रामीणों को मात्र 275 रुपये का मुआवजा दिया जा रहा है और आंदोलनरत लोगों से मिलने तक नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट भ्रष्टाचार है। यूथ कांग्रेस आदिवासियों और केन-बेतवा परियोजना से प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है। चाहे हमें लाठियां खानी पड़ें, सही मुआवजा नहीं मिलने तक हम लगातार आंदोलन करते रहेंगे। हम इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे, उन्होंने कहा।