सतना, अंबिका केशरी। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पतेरी स्थित क्रिस्टकुला चौराहे के पास एक युवक के ऊपर कट्टे से फायर कर जानलेवा हमला किया गया। गोली युवक के पैर में लगी है। घायल युवक का नाम राहुल उर्फ अनुराग द्विवेदी उम्र 24 साल निवासी जवाहर नगर हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बीच सड़क में गाड़ी हटाने को लेकर दो गुटों में आपस में जमकर विवाद हो गया। जिसके बाद एक गुट ने कट्टे से फायर कर दिया। जिससे राहुल द्विवेदी के पैर में गोली लगी है। सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां पर घायल का इलाज जारी है। वही पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महदेवा चौराहा क्रिस्टकुला स्कूल के पास से बारात मिलन मैरिज गार्डन के लिए जा रही थी। महदेवा तरफ से राहुल उर्फ अनुराग द्विवेदी अपने एक साथी के साथ वहां से निकल रहा था। बारात बीच रोड पर थी। वाहन निकालने के लिए राहुल ने बारातियों को किनारे हो जाने को कहा। इसी बात पर बारातियों में शामिल कुछ युवकों से विवाद हो गया। मामला इतना तूल पकड़ा कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इसी दौरान किसी ने कट्टे से फायर कर दिया। गोली अनुराग के पैर में लग गई। टीआई योगेन्द्र सिंह परिहार ने बताया कि घायल के बयान के आधार पर घटना की जांच की जा रही है।