भोपाल। विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों और रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शानदार प्रदर्शन पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खुशी जाहिर की है। सीएम डॉ. यादव ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन और कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत बताया है।


मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उत्साह के साथ कहा, "अंग-बंग-कलिंगा, सब जगह भाजपा का झंडा लहराया है।" उन्होंने विशेष रूप से पश्चिम बंगाल और असम के परिणामों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब देश में राष्ट्रवादी शक्तियां मजबूत हो रही हैं।


बंगाल की बदहाली के लिए कम्युनिस्ट और TMC को घेरा

पश्चिम बंगाल में भाजपा को मिल रही बढ़त पर वहां की जनता का आभार मानते हुए सीएम ने कहा कि कम्युनिस्टों और तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने मिलकर बंगाल को बदहाल कर दिया था। उन्होंने कहा, "बंगाल की जनता ने धैर्य के साथ मतदान किया और सुशासन को चुना, इसके लिए वे बधाई के पात्र हैं।"


असम में घुसपैठियों के खिलाफ राष्ट्रवाद की जीत

मुख्यमंत्री ने असम का जिक्र करते हुए कहा कि वहां घुसपैठियों के खिलाफ राष्ट्रवादी शक्तियां जीत रही हैं। उन्होंने दावा किया कि एग्जिट पोल और सर्वे के नतीजे अब सार्थक साबित हो रहे हैं और भाजपा प्रचंड बहुमत की ओर बढ़ रही है।


PM मोदी के नेतृत्व में बनेगा 22वां राज्य

डॉ. यादव ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में जल्द ही NDA परिवार में 22वां राज्य (जहां भाजपा/NDA की सरकार होगी) जुड़ता दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश मोदी जी के साथ खड़ा है और हर कार्यकर्ता इस ऐतिहासिक जीत का सारथी है।