भिंड, अक्षय जोशी। शहर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बिना लाइसेंस संचालित हो रहे मोटी सेवई और नूडल्स बनाने वाले कारखाने पर अचानक छापामार कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रीना बंसल के नेतृत्व में पहुंची टीम को मौके पर गंदगी के बीच खाद्य सामग्री तैयार होती मिली।


कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 200 कट्टे मैदा और 50 कार्टून नूडल्स जब्त किए। मौके से ‘रियल गोल्ड मोटी सेवई’ के नाम से पैक किए गए नूडल्स के पैकेट भी मिले। बताया गया कि रक्षाबंधन के त्योहार से पहले इन उत्पादों को पड़ोसी जिलों में बिक्री के लिए तैयार किया जा रहा था।


खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार कारखाने में बिना लाइसेंस बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री का निर्माण किया जा रहा था। टीम ने खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं और मौके पर मिले संदिग्ध खाद्य पदार्थों को जब्त कर लिया।


जांच के दौरान एक और चौंकाने वाली बात सामने आई कि भिंड में तैयार हो रहे खाद्य उत्पादों के रैपर पर ग्वालियर और झांसी का पता दर्ज था। विभाग ने मौके से करीब चार लाख रुपये से अधिक कीमत का मशरूका जब्त कर कारखाने को सील कर दिया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई से अवैध रूप से खाद्य सामग्री तैयार करने वालों में हड़कंप मच गया।