टीकमगढ़,मोहसिन अहमद। शहर के ईदगाह मार्केट के सामने गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ी के साथ हुई दुर्घटना में एक बाइक अचानक दमकल के नीचे आ गई, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायर ब्रिगेड की गाड़ी सड़क से गुजर रही थी, तभी अचानक एक बाइक उसके नीचे आ गई। हादसा अचानक होने से आसपास मौजूद लोग घबरा गए और तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।


घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दमकल के नीचे फंसी बाइक को बाहर निकाला। दुर्घटना में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक सवार को चोट आई है, जिसे मौके पर मौजूद लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।


सूचना मिलते ही टीकमगढ़ कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और वहां लगी भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल घायल व्यक्ति का उपचार अस्पताल में जारी है।