पर्यावरण संरक्षण की ओर बड़ा कदम: कूनो नदी बनेगी घड़ियालों का नया बसेरा

Advertisement
श्योपुर,उत्तम सिंह । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज कूनो नेशनल पार्क स्थित कूनो नदी में घड़ियाल और कछुओं को रिलीज किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन विकास की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। मध्यप्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है और इस वर्ष प्रदेश में आने वाले पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है
राष्ट्रीय चम्बल अभयारण्य के तत्वावधान में आयोजित घड़ियाल रिलीज कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि घड़ियाल और कछुओं का संरक्षण एवं संवर्धन राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। विलुप्तप्राय जीवों के संरक्षण के संकल्प के साथ मध्यप्रदेश सरकार सतत रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि नरेंद्र मोदी की पहल पर कूनो नेशनल पार्क में शुरू हुआ चीता प्रोजेक्ट लगातार सफलता की ओर अग्रसर है। हाल ही में बोत्सवाना से लाए गए 9 चीतों को रिलीज किया गया, जिससे प्रदेश में चीतों की संख्या बढ़कर 48 हो गई है।
कार्यक्रम पालपुर फोर्ट के सामने कूनो नदी तट पर आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा कुल 53 घड़ियाल और 25 कछुए नदी में छोड़े गए। छोड़े गए 53 घड़ियाल गैवेलियस गैंगेटिकस प्रजाति के हैं, जिनमें 28 नर एवं 25 मादाएं शामिल हैं। वहीं, छोड़े गए 25 कछुए थ्री-स्ट्राइप्ड रूफ टर्टल प्रजाति के हैं, जिनका वैज्ञानिक नाम वाटागुरु डोगोका है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी उपस्थित रहे और उन्होंने भी घड़ियाल रिलीज किए। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय चम्बल अभयारण्य, देवरी मुरैना की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
कार्यक्रम में पूर्व वन मंत्री श्री रामनिवास रावत, सहरिया विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा श्री तुरसनपाल बरिया, उपाध्याय राज्य मंत्री दर्जा श्री सीताराम आदिवासी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी बाई आदिवासी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री शशांक भूषण सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके साथ ही एसीएस वन श्री संदीप यादव, कमिश्नर श्री सुरेश कुमार, आईजी चम्बल श्री सचिन अतुलकर, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री सुधीर अग्रवाल, सीसीएफ श्री उत्तम कुमार, डायरेक्टर राष्ट्रीय चम्बल अभयारण्य एवं डीएफओ श्री हरीश बघेल, डीएफओ कूनो श्री आर. थिरुकुराल सहित विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
