GRP आरक्षक पर हमला: बेलटघाट में शराब पीने से मना करने पर मारपीट

Advertisement
कटनी,सुमित पाण्डेय। होली के दूसरे दिन कटनी के बेलटघाट क्षेत्र में रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक आरक्षक पर हमले का मामला सामने आया है, जिसके बाद वायरल हुए वीडियो ने विवाद को और बढ़ा दिया है। घटना के अनुसार, जीआरपी थाना कटनी में तैनात आरक्षक अभिषेक सिंह शाम के समय सादे कपड़ों में बेलटघाट से गुजर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पेड़ के नीचे बैठे कुछ लोगों को शराब पीने से रोका, जिस पर विवाद शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि बात बढ़ने पर अज्ञात हमलावरों ने आरक्षक अभिषेक सिंह के साथ मारपीट कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल हालत में अभिषेक ने अपने सहकर्मियों को फोन कर घटना की सूचना दी। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस को देखते ही हमलावर बेलटघाट बस्ती की ओर भाग गए।
रेलवे पुलिस ने बस्ती में दाखिल होकर आरोपियों की तलाश की, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। इस दौरान पुलिस द्वारा अपशब्द कहने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में पुलिस के व्यवहार को लेकर कुछ स्थानीय लोगों ने आरोप लगाए हैं कि पुलिस ने गाली-गलौज और मारपीट की। हालांकि, रेलवे पुलिस का कहना है कि उनके आरक्षक के साथ रास्ता रोककर हमला किया गया था और बदमाशों की तलाश के दौरान ही यह स्थिति उत्पन्न हुई।
मीडिया से बातचीत में क्षेत्र के कुछ युवकों ने बताया कि असली हमलावर घटना के बाद फरार हो गए थे और पुलिस केवल उन्हें ढूंढने के लिए बस्ती में आई थी। घायल आरक्षक अभिषेक सिंह को जिला अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि अपशब्दों का प्रयोग केवल हमलावरों के लिए किया गया था, न कि सामान्य लोगों के लिए। फिलहाल, जीआरपी पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।
