मुंबई। मशहूर गायक अमाल मलिक और संगीतकार तनिष्क बागची के बीच विवाद बढ़ता ही जा रही है। इस कड़ी में अमाल ने फिर एक और पोस्ट साझा किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट साझा करते हुए कहा कि वह अपनी टाइमलाइन से कुछ पुराने पोस्ट हटा रहे हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वह अपने बयानों से पीछे हट रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने जो कुछ भी कहा है, वह उस पर अब भी कायम हैं।अमाल मलिक ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा किया। उन्होंने अपनी इस पोस्ट में किसी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन उनके शब्दों को लोग तनिष्क बागची से जोड़कर देख रहे है।
अमाल ने लिखा, ''मैं सिर्फ अपनी टाइमलाइन से चीजें हटाना चाहता हूं, क्योंकि मुझे यहां से कुछ कचरा हटाना है। यह फैसला इस सोच के साथ लिया गया है कि मैंने जो करना जरूरी था, वह कर दिया है और उस व्यक्ति को उसकी जगह दिखा दी है। अगर कुछ मीडिया रिपोर्ट्स यह दावा करें कि अमाल मलिक ने अपने ट्वीट डिलीट कर दिए, तो यह गलत होगा, क्योंकि मैंने अपने बयान वापस नहीं लिए हैं।''
उन्होंने कहा, "पिछले करीब 10 सालों से मैंने काफी सब्र रखा और कई बातों को नजरअंदाज किया। लंबे समय तक अपनी नाराजगी को दबाने के बाद अब मैंने अपनी बात रखने का फैसला किया है। मुझे खुद आगे आकर हर चीज का सामना करना पड़ा, क्योंकि कई बार लोग गलत चीजों के खिलाफ बोलने से बचते हैं। इंडस्ट्री में बहुत कम लोग ऐसे होते हैं, जो सही और गलत के बीच फर्क को खुलकर बता सकें।"
उन्होंने अपने पोस्ट में आगे कहा, ''मैंने एक व्यक्ति के व्यवहार और तरीकों को लेकर अपनी बात रखी है। जो लोग गलत चीजों का समर्थन करते हैं, उन्हें भी इसका जवाब मिलना चाहिए। ऊपर वाला हर किसी के कर्मों का हिसाब रखता है।''
अपने पोस्ट के आखिर में अमाल मलिक ने कड़े शब्दों में चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा, "सामने वाला अपनी सीमा में रहे, और अगर आगे किसी के साथ गलत व्यवहार किया गया, तो मैं दोबारा अपनी आवाज उठाने से पीछे नहीं हटूंगा।"
बता दें कि अमाल मलिक ने तनिष्क बागची पर कथित तौर पर दूसरों के संगीत की नकल करने और क्रेडिट चुराने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए दावा किया था कि उन्हें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नाम पर धमकियां दी जा रही हैं।













