भोपाल,जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश में लंबे इंतजार और मंथन के बाद रविवार को नगरीय निकायों में एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) के नामों की घोषणा कर दी गई। नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार प्रदेश के 25 जिलों की 123 नगर परिषदों में नियुक्तियां की गई हैं। यह आदेश मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1961 की धारा 19 (1) (ग) के तहत जारी किया गया है।


जारी आदेश के मुताबिक प्रत्येक नगर परिषद में अधिकतम 4 एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं। इन नवनियुक्त पार्षदों का कार्यकाल संबंधित परिषद के कार्यकाल के साथ ही समाप्त होगा या आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा। सरकार ने फिलहाल नगर परिषद स्तर से नियुक्तियों की शुरुआत की है।


हालांकि चंबल और बुंदेलखंड क्षेत्र की कई नगर परिषदों में नामों को लेकर सहमति नहीं बन पाने के कारण सूची फिलहाल होल्ड पर रखी गई है। विभागीय सूत्रों के अनुसार जल्द ही इन क्षेत्रों की सूची भी जारी की जाएगी।


पहली सूची में सागर, रीवा, मऊगंज, शहडोल, उमरिया, कटनी, डिंडोरी, नरसिंहपुर, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, आलीराजपुर, झाबुआ, धार, देवास, रतलाम, मंदसौर और नीमच जिले शामिल हैं।