भोपाल,जीतेन्द्र यादव। भोपाल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” के 132वें एपिसोड को सुनने के बाद कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवाओं की भूमिका पर विशेष जोर देते हुए पर्यावरण संरक्षण के तहत 2 लाख 51 हजार पौधे लगाने जैसे प्रयासों की सराहना की है।
उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में जलवायु परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए सोलर ऊर्जा पर निर्भरता बढ़ाने और आय बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा हुई। यह संवाद जनभागीदारी के साथ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे, इसके लिए भाजपा लगातार प्रयास कर रही है।
भाजपा के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए खंडेलवाल ने कहा कि 6 अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस मनाया जाएगा, इसी दिन से “गांव चलो अभियान” की शुरुआत होगी। इस अभियान के तहत प्रत्येक कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद करेगा और पार्टी की कार्यपद्धति को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का काम करेगा। यह अभियान बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती तक जारी रहेगा।
पेट्रोल-डीजल के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि देश में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और भारत में कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है, जबकि पाकिस्तान में कीमतें बढ़ने से हालात प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि संकट के समय विपक्ष को भी सरकार का साथ देना चाहिए, लेकिन कांग्रेस इस समय भी राजनीति करने में लगी है।

