धर्मांतरण विवाद से जुड़े स्थल पर चला प्रशासन का बुलडोजर

Advertisement
सतना, अंबिका केशरी| सतना जिले के धारकुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झखौरा में प्रशासन ने एक निर्माणाधीन विवादित भवन को ध्वस्त कर दिया। भवन में बनाई जा रही धार्मिक संरचना को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। प्रशासन ने शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था के बीच जेसीबी मशीन की मदद से कार्रवाई करते हुए पूरे ढांचे को जमींदोज कर दिया।
करीब तीन घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान मझगवां एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर, तहसीलदार बिरसिंहपुर शैलेंद्र शर्मा, तहसीलदार मझगवां हिमांशु शुक्ला, एसडीओपी चित्रकूट सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, उक्त भवन को 5 जनवरी को सीज किया गया था। यह कदम संपत्ति के स्वामित्व को लेकर उत्पन्न विवाद के बाद उठाया गया था। आदेश में स्पष्ट किया गया था कि स्वामित्व का अंतिम निराकरण होने तक स्थल की निगरानी ग्राम पंचायत द्वारा की जाएगी। यह कार्रवाई थाना प्रभारी द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर की गई थी।
जमीन को लेकर झखौरा निवासी कामता चौधरी और उनके रिश्तेदार लालमन चौधरी उर्फ अब्दुल रहमान के बीच दावा-आपत्ति का मामला सामने आया था। आरोप है कि विवादित भूखंड पर गुंबदनुमा धार्मिक ढांचा तैयार किया जा रहा था, जिसके बाद विवाद और गहरा गया।
उल्लेखनीय है कि इसी क्षेत्र में धर्मांतरण से जुड़े एक अन्य मामले में पुलिस पूर्व में कार्रवाई कर चुकी है। पुलिस ने 31 दिसंबर को पिता-पुत्र सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जांच के दौरान धार्मिक साहित्य, बैनर, झंडे और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। मोबाइल फोन में मौजूद सामग्री की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, मामले के तार बाहरी राज्यों से जुड़े होने की आशंका है, जिसकी गहन जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि पूरी कार्रवाई राजस्व अभिलेखों, प्राप्त शिकायतों और जांच रिपोर्ट के आधार पर विधिसम्मत तरीके से की गई है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
