बीना, बृजपाल सिंह राजपूत। मध्य प्रदेश में यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) अर्थात समान नागरिक संहिता को लागू करने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। प्रदेश सरकार द्वारा नागरिकों से डिजिटल लिंक के माध्यम से 10 बिंदुओं पर सुझाव एवं सहमति प्राप्त की जा रही है। नागरिक इन बिंदुओं पर अपनी सहमति या असहमति दर्ज कर सकते हैं।
यूसीसी पर सुझाव देने का सोमवार को अंतिम दिन होने के कारण नगर पालिका परिषद बीना के सभागार में एसडीएम रविश कुमार ने नगर पालिका कर्मचारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे वार्डों में जाकर अधिक से अधिक नागरिकों को डिजिटल लिंक के माध्यम से अपने विचार दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें।
एसडीएम ने कर्मचारियों को समझाइश देते हुए कहा कि नागरिकों को यूसीसी से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा उन्हें डिजिटल माध्यम का उपयोग कर अपने सुझाव देने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी इच्छा के अनुसार दिए गए बिंदुओं पर सहमति या असहमति दर्ज कर सकता है।
मीडिया से चर्चा के दौरान एसडीएम रविश कुमार ने बीना नगर के नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में यूसीसी पर अपने विचार प्रस्तुत करें, ताकि सरकार को व्यापक जनमत प्राप्त हो सके। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आगामी जुलाई माह में होने वाले मानसून सत्र में यूसीसी से संबंधित प्रस्ताव प्रस्तुत कर सकते हैं।

