बमीठा, अशोक नामदेव । बमीठा थाना क्षेत्र के नयागांव निवासी 40 वर्षीय राजकुमार तिवारी, पिता लखन तिवारी, की ट्रेन से कटने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना नन्दलालपुरा के पास रेलवे ट्रैक पर हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार इसे आत्महत्या का मामला बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।


राजकुमार तिवारी क्षेत्र में अपने मिलनसार और सहयोगी स्वभाव के लिए जाने जाते थे। वे लोगों के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहने वाले युवा के रूप में पहचाने जाते थे। उनकी अचानक हुई मौत की खबर फैलते ही नयागांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।


मृतक के पिता लखन तिवारी क्षेत्र के वरिष्ठ एवं प्रभावशाली सामाजिक-राजनीतिक व्यक्तित्व माने जाते हैं। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन, शुभचिंतक और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। राजकुमार के इस कदम से हर कोई स्तब्ध है और लोगों को इस घटना पर विश्वास करना मुश्किल हो रहा है।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।