छतरपुर, शिवम सोनी। जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भैरा निवासी एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित मुकेश अनुरागी ने शिकायत में बताया कि शनिवार रात करीब 8 बजे वह गांव के बाहर पुलिया पर बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव के ही रामसनेही यादव वहां पहुंचे और बिना वजह गाली-गलौज करने लगे। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी दी और डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया।
मुकेश अनुरागी ने बताया कि किसी तरह वह मौके से जान बचाकर भागा। घटना के प्रत्यक्षदर्शी के रूप में सुदामा कुशवाहा और सोनू अनुरागी को गवाह बताया गया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद मामले की शिकायत थाना लवकुशनगर में की गई, लेकिन पूरे दिन थाने में बैठे रहने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे नाराज परिजन एसपी ऑफिस पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की।

