छतरपुर,लोकेन्द्र। छतरपुर जिले के बड़ामलहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कर्री से एक दुखद मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम कर्री निवासी नन्दे पिता रज्जू आदिवासी, उम्र करीब 30 वर्ष, रोज की तरह सुबह लगभग 6 बजे जंगल में महुआ बीनने के लिए घर से निकला था। लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता होने लगी। इसी बीच उसका भाई उसके लिए खाना लेकर जंगल पहुंचा, जहां उसने नन्दे को महुआ के पेड़ पर रस्सी के सहारे फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा।
यह दृश्य देखकर भाई के होश उड़ गए और उसने तत्काल इसकी जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को दी। घटना की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बड़ामलहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
हल्काई आदिवासी (मृतक का भाई)
“मैं खाना लेकर गया था जंगल में, वहां देखा कि वो पेड़ पर लटका हुआ था। हमें कुछ समझ नहीं आया कि उसने ऐसा क्यों किया... हम लोगों को कोई जानकारी नहीं थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।


