बैतूल/ चिचोली (सुरेन्द्र बावने)। बैतूल जिले के चिचोली में 9 अगस्त को ब्लॉक स्तर पर 'विश्व आदिवासी दिवस' का आयोजन अत्यंत धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। झमाझम बारिश के बीच नगर के तपश्री खेल मैदान पर समस्त आदिवासी सामाजिक संगठनों एवं आकाश संगठन के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों की धूम रही। इस पावन अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा और अमर शहीद रानी दुर्गावती की भव्य झांकी के साथ विशाल रैली निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए तपश्री खेल मैदान पहुँची। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों और नगरवासियों द्वारा पुष्पवर्षा कर रैली का आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती काकोडिया, वरिष्ठ समाजसेवी दामजी उईके, डॉ. रमेश काकोडिया, महेश उईके, डॉ. राजा धुर्वे, जयस अध्यक्ष शिवम उईके, प्रवक्ता डोमा सिंह कुमरे, जनपद सदस्य सुनील करोचे, सपना इवने और सुमन बिहारे सहित अन्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों द्वारा क्षेत्र के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं, उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों तथा सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारियों को शाल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
एक रोटी कम खाएं, लेकिन बच्चों को शिक्षित जरूर बनाएं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. राजा धुर्वे ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि समाज चाहे एक रोटी कम खाए, लेकिन अपने बच्चों को शिक्षित अवश्य बनाए, क्योंकि शिक्षा के बल पर ही बड़े से बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं। वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. रमेश काकोडिया ने कहा कि आदिवासी समाज सीधा-साधा है और विकास की मुख्यधारा में जुड़ने के लिए शिक्षित होना नितांत आवश्यक है। उन्होंने समाज से अपनी संस्कृति और परंपराओं को सहेजने का आह्वान करते हुए नशामुक्त रहने तथा सोशल मीडिया व मोबाइल का उपयोग रील्स बनाने के बजाय ज्ञान और परिवार के विकास के लिए करने की सलाह दी।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और पौधा वितरण
कार्यक्रम के अंतिम चरण में स्कूली बच्चों द्वारा पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षक सांस्कृतिक नृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। इसी क्रम में पर्यावरण संरक्षक कालूराम पंडाग्रे द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों को औषधीय पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया।




