छतरपुर, शिवम सोनी। जिले के बड़ामलहरा थाना क्षेत्र की एक महिला ने थाने में पदस्थ पुलिसकर्मी पर मारपीट और अभद्र व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शनिवार को पीड़िता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और पूरे मामले की शिकायत करते हुए निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार ग्राम बमनी छईछुआ निवासी रामबाई ने बताया कि बड़ामलहरा थाने में पदस्थ पुलिसकर्मी सरमन कुमार ने उसे फोन कर इलाज कराने के बहाने थाने बुलाया था। महिला का आरोप है कि थाने पहुंचने के बाद उससे सीएम हेल्पलाइन 181 में दर्ज शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब उसने शिकायत वापस लेने से इनकार किया तो पुलिसकर्मी ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। महिला का कहना है कि मारपीट के दौरान उसका मंगलसूत्र भी टूट गया तथा उसे घसीटा गया। महिला ने यह भी बताया कि उसका पति शुक्रवार से लापता है। उसे आशंका है कि गांव के सरपंच काशीराम द्वारा उसके पति के साथ मारपीट करवाई गई है पीड़िता ने एसपी कार्यालय पहुंचकर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मी एवं अन्य संबंधित लोगों पर सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

