इंदौर, रविकांत वर्मा। खुडेल थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने एक महिला की जान ले ली। उज्जैनी गांव स्थित नर्मदा-शिप्रा लिंक परियोजना के पास बने एक फार्म हाउस में चौकीदारी करने वाले युवक ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है।


पुलिस के अनुसार, हातोद थाना क्षेत्र की कमेद चौकी अंतर्गत उज्जैनी गांव में स्थित एक फार्म हाउस पर उमरिया निवासी राहुल वर्मा अपनी पत्नी सुमन व बच्चों के साथ पिछले तीन माह से चौकीदारी का कार्य कर रहा था। परिवार फार्म हाउस परिसर में बने एक शेड में रह रहा था।


बताया गया है कि 2 और 3 तारीख की दरमियानी रात राहुल वर्मा का अपनी साली को लेकर विवाद हो गया। साली कई दिनों से उनके साथ रह रही थी। किसी बात से नाराज होकर राहुल ने पहले साली का मोबाइल फोन तोड़ दिया और उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट की। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी सुमन से भी उसका विवाद हो गया।


आरोप है कि राहुल ने पत्नी के साथ जमकर मारपीट की। उसने लकड़ी से हमला किया, उसे घसीट-घसीटकर पीटा और घर में रखे छोटे गैस सिलेंडर से भी वार किया। गंभीर चोटें लगने के कारण सुमन की मौके पर ही मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी राहुल वर्मा को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।