छतरपुर, तौफीक अहमद। सटई कस्बे में आकाशीय बिजली की चपेट में आई महिला की मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बना हुआ है। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार रात बस स्टैंड पर चक्का जाम कर दिया था। आंदोलन के समर्थन में स्थानीय व्यापारियों ने भी शनिवार को अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। सुबह से ही सटई नगर का पूरा बाजार बंद रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 5 बजे सटई के वार्ड क्रमांक 14 भडऩ पुरवा निवासी राजकुमारी पटैल 38 वर्ष, पति रामेश्वर पटैल आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन उन्हें तत्काल सटई अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि उस समय अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। महिला दर्द से तड़पती रही और समय पर एंबुलेंस भी उपलब्ध नहीं हो सकी। परिजनों ने मजबूरी में निजी वाहन से महिला को जिला अस्पताल ले जाना शुरू किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।




