देहरादून, 24 मई । देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने उत्तराखण्ड दौरे के दूसरे दिन रविवार को देहरादून स्थित राज्य अतिथि गृह बीजापुर में एसआईआर की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य 'एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ, डूप्लीकेट और विदेशी मतदाताओं' को चिन्हित कर मतदाता सूची का शुद्धिकरण करना है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने सभी मतदाताओं से आगामी एसआईआर में अपना नवीनतम पासपोर्ट फोटो उपलब्ध कराने के साथ ही एसआईआर में बीएलओ को सहायोग करने की अपील की है।

बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इस दौरान उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को अवगत कराया कि प्रदेश में प्री-एसआईआर फेज में 89 प्रतिशत मैपिंग की गई है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि प्रदेश में गणना प्रपत्रों के प्रिंटिंग की तैयारी पूर्ण हो चुकी है। डीईओ, डिप्टी डीईओ, ईआरओ/एईआरओ के प्रथम चरण का प्रशिक्षण पूरा कर दिया गया है; बीएलओ और अन्य फील्ड स्टाफ प्रशिक्षण गतिमान है।

बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त को यह भी बताया गया कि प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए व्यापक स्तर पर विभिन्न माध्यमों से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं ईआरओ को राजनैतिक दलों के साथ प्रत्येक सप्ताह बैठक करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस दौरान मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, एडीजी डॉ. वी मुरुगेशन, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, नवनियुक्त जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल, सीडीओ देहरादून अभिनव शाह, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास, और सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह उपस्थित रहे।