नई दिल्ली, 26 मई । सिविल सेवक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने विभिन्न विभाग/मंत्रालय के अनुसार अलग-अलग कुल 194 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं। यूपीएससी की ओर से जारी 194 रिक्तियों में एयरवर्दीनेस ऑफिसर (विमान/उड़ान योग्यता अधिकारी) के 25, विस्फोटक उप नियंत्रक (डिप्टी कंट्रोलर ऑफ एक्सप्लोसिव) के 44 पद, प्रबंधक (मैनेजर) के 8, कनिष्ठ तकनीकी अधिकारी (जूनियर टेक्निकल ऑफिसर) के 5, कनिष्ठ तकनीकी अधिकारी (रासायनिक अभियांत्रिकी) का 1, वैज्ञानिक अधिकारी (यांत्रिक) के 2, उप-अधीक्षक पुरातत्व अभियंता (डिप्टी सुपरिटेंडेंट आर्कियोलॉजिकल इंजीनियर) के 4, एसोसिएट प्रोफेसर, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (पावर सिस्टम) का 1, एसोसिएट प्रोफेसर, मैकेनिकल इंजीनियरिंग (ऊष्मा स्थानांतरण) का 1, लेक्चरर (फारसी भाषा) का 1, लेक्चरर (तिब्बती भाषा) का 1, वैज्ञानिक-बी (वायुमंडलीय विज्ञान) के 7, वैज्ञानिक-बी (सामान्य मौसम विज्ञान) के 30, वैज्ञानिक-बी (उपकरण) के 9, उप निदेशक (सिविल इंजीनियरिंग) के 3, संयुक्त सहायक निदेशक (ज्वाइंट असिस्टेंट डायरेक्टर) के 6, सहायक कार्यकारी अभियंता (असिस्टेंट एक्जीक्यूटिव इंजीनियर) के 2, उप निदेशक खनन सुरक्षा (खनन) के 8, सहायक निदेशक श्रेणी-I (आईईडीएस) (रसायन) के 2, सहायक निदेशक श्रेणी-द्वितीय (आईईडीएस) (रसायन) के 3, सहायक निदेशक श्रेणी-I (आईईडीएस) (खाद्य) के 3, सहायक निदेशक श्रेणी-द्वितीय (आईईडीएस) (खाद्य) के 4, सहायक निदेशक श्रेणी-I (आईईडीएस) (होजरी) के 2, सहायक निदेशक श्रेणी-द्वितीय (आईईडीएस) (होजरी) के 4, सहायक निदेशक श्रेणी-I (आईईडीएस) (चमड़ा और जूते) के 3, सहायक निदेशक श्रेणी-II (आईईडीएस) (चमड़ा और जूते) के 4, सहायक निदेशक श्रेणी-I (आईईडीएस) (धातु परिष्करण) का 1, सहायक खान नियंत्रक के 5, अनुसंधान अधिकारी के 2, सहायक निदेशक/पंजीकरण अधिकारी का 1, ड्रिलर का 1 और पर्यटक अधिकारी का 1 पद शामिल हैं।
आयोग की ओर से जारी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 23 मई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 12 जून तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (यूपीएसससी) की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि के शाम 6 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार ग्रेजुएशन या पोस्ट-ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में तय वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु पोस्ट के अनुसार, 30 से 45 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदन की जांच और शॉर्टलिस्टिंग, भर्ती परीक्षा (आरटी) के बाद इंटरव्यू (जहां भी लागू हो) और चिकित्सा परीक्षण के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 7वें सीपीसी वेतनमान मैट्रिक्स के अनुसार लेवल 7 से लेवल 13ए1 तक होगी।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय सभी वर्ग के अभ्यर्थियों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस (पुरुष उम्मीदवार) के लिए 25 रुपए तय किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/दिव्यांग/महिलाएं (सभी समुदाय) को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
कैंडिडेट्स को भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए आयोग की ओर से संबंधित पद के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।

