जबलपुर, अनुराग शुक्ला। जबलपुर के कटंगी बाइपास स्थित होटल सुकून में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब हिंदू संगठन के कार्यकर्ता होटल पहुंच गए और वहां संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने का आरोप लगाया। देखते ही देखते होटल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।


जानकारी के अनुसार हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि होटल में संदिग्ध तरीके से युवक-युवतियों को ठहराया जा रहा है। सूचना के बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता होटल पहुंचे और होटल प्रबंधन से जानकारी मांगते हुए कमरों की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान कुछ कमरों में दो युवक और दो महिलाएं मौजूद मिलीं, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।


कार्यकर्ताओं का आरोप है कि होटल में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं और प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। घटना के दौरान होटल परिसर में कुछ देर तक हंगामे और बहस की स्थिति बनी रही, जिससे आसपास के क्षेत्र में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


घटना की सूचना मिलते ही माढ़ोताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने होटल में मौजूद युवक-युवतियों और होटल स्टाफ से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही होटल के दस्तावेज, आईडी रजिस्टर, एंट्री रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। होटल में ठहरे लोगों की पहचान और होटल संचालन से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।