छतरपुर/बड़ामलहरा। पुलिस अनुविभाग अंतर्गत भगवा पुलिस थाना इलाके के सौरखी गांव के पास आज गुरुवार की शाम तकरीबन पांच बजे आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उक्त दोनों लोग अपने साथियों के साथ सुजारा बांध में मछली मारने गए थे, वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।
जानकारी के मुताबिक विश्वा निवासी कनई आदिवासी पिता कन्छेदी आदिवासी, चरन आदिवासी पिता भैया लाल आदिवासी अपने आधा दर्जन साथियों के साथ सुजारा बांध पर मछली मारने गए हुए थे कि बारिश आ जाने के कारण ये लोग घर वापस लौट रहे थे। रास्ते में सौरखी गांव के पास नाले में पानी आ जाने की वजह से चार लोग अन्य रास्ते से जबकि दो लोग दूसरे रास्ते से निकले।
उसी समय बारिश तेज होने के चलते दोनों मृतक एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए कि अचानक आकाशीय बिजली गिरने से उसकी चपेट में आ गए एवं कनई आदिवासी, चरन आदिवासी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चार लोग जो कि दूसरे पेड़ के नीचे खड़े थे, वे सकुशल हैं।घटना की सूचना मिलते ही घुवारा तहसीलदार प्रीतम सिंह एवं पुलिस मौके पर पहुंची तथा दोनों शवों का पंचनामा तैयार किया।

