भोपाल (पंकज यादव)। दुनिया के सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म 'वॉट्सऐप' (WhatsApp) ने अपनी प्राइवेसी पॉलिसी में अब तक का सबसे ऐतिहासिक बदलाव कर दिया है। कंपनी ने वैश्विक स्तर पर 'वॉट्सऐप यूजरनेम' (WhatsApp Username) फीचर को रोलआउट करना शुरू कर दिया है। इस नए अपडेट के बाद अब किसी भी अनजान व्यक्ति से चैट करने के लिए आपको अपना पर्सनल मोबाइल नंबर देने की जरूरत नहीं होगी। यूजर्स अब इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर) और टेलीग्राम की तरह सिर्फ एक यूनिक यूजरनेम के जरिए दूसरों से कनेक्ट हो सकेंगे।
फिलहाल कंपनी ने 'यूजरनेम रिजर्वेशन' (Username Reservation) की प्रक्रिया शुरू की है, जिसके तहत दुनिया भर के करीब 3 अरब यूजर्स अपने मनपसंद नाम को बुक करने की होड़ में लग गए हैं।
क्यों पड़ी इस फीचर की जरूरत?
वर्तमान में वॉट्सऐप पर किसी से भी जुड़ने के लिए मोबाइल नंबर शेयर करना अनिवार्य होता है। कई बार व्यावसायिक काम, डिलीवरी बॉय, ओला-उबर ड्राइवर या किसी अनजान ग्रुप में जुड़ने के लिए मजबूरी में नंबर देना पड़ता है। इससे प्राइवेसी का खतरा बना रहता है और बाद में स्पैम कॉल्स, ऑनलाइन फ्रॉड या अनचाहे मैसेजेस का सामना करना पड़ता है। विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा और प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए यह फीचर गेम-चेंजर साबित होने वाला है।
'यूजरनेम की' (Username Key) से मिलेगी दोहरी सुरक्षा
अक्सर देखा गया है कि टेलीग्राम या इंस्टाग्राम पर यूजरनेम सार्वजनिक होने से कोई भी अनजान व्यक्ति परेशान करने लगता है। वॉट्सऐप ने इसका भी तोड़ निकाल लिया है। कंपनी ने इसके साथ एक 'Username Key' (4-डिजिट पिन) का विकल्प दिया है। अगर कोई अनजान व्यक्ति पहली बार आपके यूजरनेम के जरिए आपको मैसेज करना चाहेगा, तो उसे आपके यूजरनेम के साथ वह पिन भी डालना होगा, जो आपने सेट किया है। बिना पिन के कोई भी नया व्यक्ति आपको मैसेज नहीं भेज पाएगा।
मेटा अकाउंट सेंटर से सीधे होगा सिंक
चूंकि वॉट्सऐप भी मेटा (Meta) कंपनी का हिस्सा है, इसलिए कंपनी ने इसे फेसबुक और इंस्टाग्राम से भी जोड़ दिया है। अगर आप चाहते हैं कि जो यूजरनेम आपका इंस्टाग्राम पर है, वही वॉट्सऐप पर भी रहे, तो आप इसे 'अकाउंट सेंटर' के जरिए सीधे क्लेम कर सकते हैं। हालांकि, कंपनी ने साफ किया है कि यह फीचर पूरी तरह से वैकल्पिक (Optional) है। जो लोग पुराने तरीके से मोबाइल नंबर के जरिए ही वॉट्सऐप चलाना चाहते हैं, वे ऐसा करना जारी रख सकते हैं।
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर बुकिंग
चूंकि दुनिया भर में करोड़ों लोग एक ही नाम के हो सकते हैं (जैसे- @rahul या @amit), इसलिए एक यूजरनेम सिर्फ एक ही व्यक्ति को मिलेगा। वॉट्सऐप इसे 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर दे रहा है। यदि आपका पसंदीदा नाम किसी और ने बुक कर लिया, तो आपको अपने नाम के आगे नंबर्स या स्पेशल कैरेक्टर्स जोड़ने पड़ेंगे।
ऐसे रिजर्व करें अपना यूनिक यूजरनेम:
- सबसे पहले अपने गूगल प्ले स्टोर या ऐपल ऐप स्टोर पर जाकर WhatsApp को अपडेट करें।
- ऐप खोलकर Settings (सेटिंग्स) > Account (अकाउंट) सेक्शन में जाएं।
- यहाँ आपको Username का नया विकल्प दिखाई देगा (यदि नहीं दिख रहा, तो कुछ दिन इंतजार करें, यह फेज मैनर में रोलआउट हो रहा है)।
- अपनी पसंद का नाम टाइप करें। यदि वह उपलब्ध (Available) है, तो उसे तुरंत सेव कर लें।

