भोपाल, जीतेन्द्र यादव। बहुचर्चित ट्विशा मौत मामले में अब जांच की दिशा काफी हद तक रिकंस्ट्रक्शन रिपोर्ट पर निर्भर हो गई है। मामले की जांच कर रही CBI को दिल्ली स्थित CFSL की रिपोर्ट का इंतजार है, जो एक सप्ताह के भीतर जांच एजेंसी को सौंपे जाने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार, CBI ने घटनास्थल पर सीन रीक्रिएशन कर विभिन्न परिस्थितियों का परीक्षण किया था। इस प्रक्रिया के दौरान जुटाए गए तकनीकी और वैज्ञानिक डाटा को विश्लेषण के लिए दिल्ली स्थित CFSL भेजा गया है। वहां फॉरेंसिक विशेषज्ञ इस डाटा का गहन अध्ययन कर अंतिम रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, रिकंस्ट्रक्शन रिपोर्ट मामले में सबसे महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकती है। रिपोर्ट से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि ट्विशा की मौत आत्महत्या थी या फिर इसके पीछे किसी साजिश अथवा हत्या की आशंका है। वैज्ञानिक परीक्षण और घटनास्थल के पुनर्निर्माण से प्राप्त निष्कर्ष जांच को निर्णायक मोड़ दे सकते हैं।
CBI अधिकारियों का मानना है कि रिपोर्ट मिलने के बाद मामले के कई अनसुलझे सवालों के जवाब सामने आ सकते हैं। फिलहाल जांच एजेंसी फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई और निष्कर्ष तय किए जाएंगे।




