टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। किसानों की सुविधा के नाम पर बने टीन शेडों को अपने कब्जे में लेने वाले व्यापारियों की अब खैर नहीं। प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए इन शेडों को खाली कराने का बड़ा अभियान शुरू कर दिया है।

एसडीएम संस्कृति मुदित लिटोरिया ने खुद मंडी का निरीक्षण किया और कब्जाधारी व्यापारियों को साफ-साफ चेतावनी दे दी — "तीन दिन के अंदर टीन शेड खाली कर दो, वरना होगी कड़ी कार्रवाई!"

व्यापारी संघ ने भी प्रशासन का पूरा साथ दिया है। मंडी प्रशासन के अनुसार, ये टीन शेड किसानों को बारिश और मौसम की मार से बचाने के लिए बनाए गए थे, ताकि वे अपनी उपज सुरक्षित रख सकें। लेकिन लंबे समय से कुछ व्यापारियों ने इन पर स्थायी कब्जा जमा लिया था। नतीजा — किसानों को अपनी फसल रखने के लिए जगह नहीं मिल पा रही थी।

बरसात का मौसम शुरू होते ही किसानों की परेशानी बढ़ गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों और किसानों ने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की। एसडीएम के निरीक्षण के बाद अब मंडी में सख्ती का माहौल है।

इन व्यापारियों को जारी हुए नोटिस:

  • साहू ट्रेडर्स – मानक साहू
  • नीरज एंड संस – राजीव जैन (हतेरी)
  • दीपेश ट्रेडर्स – दीपेश जैन
  • अमित ट्रेडर्स – मनोज जैन
  • राधेश्याम ट्रेडर्स – प्रदीप साहू
  • नित्या ट्रेडर्स – सचिन नायक
  • सिद्धेश्वरी ट्रेडर्स – नितिन नायक
  • डी.एस. इंटरप्राइजेज – नीलेश जैन
  • राजीव जैन (मोंगना)
  • तिरूपति ट्रेडिंग कंपनी – विष्णु असाटी
  • अग्रसेन ट्रेडर्स – संजय लोहिया
  • नायक एंड कंपनी – संतोष नायक
  • विक्की नायक

और भी कई अन्य व्यापारियों को नोटिस जारी कर तीन दिन की समय-सीमा दी गई है।