पलेरा, सोनू विश्वकर्मा। थाना क्षेत्र के ग्राम घूरा स्थित हिंगलाज माता मंदिर के तालाब में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर दर्शन के लिए आए तीन नाबालिग किशोर तालाब में नहाने उतरे, तभी दो किशोर गहरे पानी में चले गए। हादसे में 14 वर्षीय राहुल अहिरवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल 13 वर्षीय अंकित अहिरवार ने जिला चिकित्सालय टीकमगढ़ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरा किशोर सुरक्षित बच गया, जिसने शोर मचाकर स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार, तीनों किशोर सिमरिया से साइकिल पर सवार होकर हिंगलाज माता मंदिर दर्शन करने पहुंचे थे। दर्शन के बाद वे मंदिर परिसर के तालाब में नहाने उतर गए। इसी दौरान राहुल और अंकित गहरे पानी में डूबने लगे। तीसरे साथी की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा दोनों किशोरों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलेरा पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने राहुल अहिरवार को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि राहुल अपने परिवार का इकलौता पुत्र था, जिसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं अंकित की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय टीकमगढ़ रेफर किया गया। एम्बुलेंस उपलब्ध होने में विलंब होने पर जांच अधिकारी एसआई संतोष सिंह ने अपने निजी खर्च पर तत्काल वाहन की व्यवस्था कर घायल को अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। बावजूद इसके देर शाम उपचार के दौरान अंकित ने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। राहुल के शव का पोस्टमार्टम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलेरा में कराया गया। एक ही हादसे में दो मासूम किशोरों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, जबकि ग्रामीणों ने तालाबों और जलाशयों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

