शिवपुरी। शिवपुरी-गुना फोरलेन हाईवे पर बदरवास बायपास क्षेत्र में शनिवार रात एक चलती कार में अचानक आग लग गई। हादसे में इको गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जिससे उसमें रखे करीब 50 हजार रुपये नकद और चार बैगों में भरे कपड़े व अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गए। कार में सवार पांचों लोग समय रहते वाहन से नीचे उतर गए थे, जिसके कारण एक बड़ा हादसा टल गया और सभी की जान बाल-बाल बच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार उज्जैन के रहने वाले मोहम्मद जकरिया अपने अन्य चार व्यापारिक साझेदारों शोएब अहमद, जुनैद वारसी, खालिद कुरैशी और फरदीन के साथ शनिवार दोपहर करीब 2 बजकर 40 मिनट पर उज्जैन से पटना (बिहार) के लिए रवाना हुए थे। ये सभी पार्टनर कबाड़ का व्यवसाय करते हैं और कबाड़ खरीदने के सिलसिले में ही अपनी इको गाड़ी क्रमांक एमपी 09 डीडब्ल्यू 2006 से बिहार जा रहे थे।


सफर के दौरान रात करीब 8 बजे जब उनकी कार शिवपुरी-गुना फोरलेन हाईवे पर बदरवास बायपास के पास पहुंची, तो सभी ने चाय पीने के लिए हाईवे किनारे एक ढाबे पर गाड़ी रोकी। जैसे ही सभी लोग कार के दरवाजे खोलकर नीचे उतरने लगे, वैसे ही अचानक गाड़ी के भीतर से तेज धुआं निकलने लगा। कार सवार मोहम्मद जकरिया ने तुरंत ड्राइवर साइड का गेट खोला और सभी को बाहर निकाला। देखते ही देखते कार से निकल रहा धुआं भीषण लपटों में बदल गया और आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। हाईवे पर कार को धू-धू कर जलता देख मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। जब तक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया, तब तक कार और उसमें रखा सारा सामान पूरी तरह जल चुका था। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।