दमोह, सुदीप नगरिया। हटा के गैसाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हिनोता कला गांव में एक शातिर चोर गिरोह ने एक ही रात में कई घरों को निशाना बनाकर पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। अज्ञात चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से करीब 4 से 5 सूने घरों के ताले तोड़े, जिनमें से दो घरों के भीतर रखी बड़ी नगदी और सोने-चांदी के कीमती जेवरात समेटकर चोर मौके से आसानी से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार और सोमवार की दरमियानी रात चोरों ने सबसे पहले अमित पटेल के घर में प्रवेश किया और वहां रखी लोहे की अलमारी का लॉकर तोड़कर नगदी व अन्य कीमती सामान पार कर दिया। इसके बाद चोरों ने नरेश सेन के घर को निशाना बनाया और वहां से करीब 35 से 40 हजार रुपये नकद और सोने की कान की बाली चुरा ली। पीड़ित परिवारों द्वारा लगाए गए अनुमान के मुताबिक इस सामूहिक चोरी की वारदात में उनका कुल नुकसान करीब एक से सवा लाख रुपये के आसपास हुआ है।
एक ही रात में एक साथ कई घरों में ताले टूटने और भीषण चोरी की इस वारदात की भनक सुबह लगते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर गैसाबाद थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पीड़ितों के घरों का मुआयना कर घटना की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीण अंचल में हुई इस बड़ी वारदात से स्थानीय निवासियों में गहरा आक्रोश और भय का माहौल बना हुआ है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने की पुरजोर मांग की है, वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों की तलाश की जा रही है और जल्द ही चोर गिरोह को पकड़कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

