गोरखपुर। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ए.के शर्मा ने गोरखपुर दौरे के दौरान विभिन्न मुद्दों पर अपनी बातें रखीं।
उन्होंने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बाबा गोरखनाथ की पावनभूमि पर आकर मैं उन्हें बारंबार प्रणाम करता हूं। मैं सीएम योगी को भी प्रणाम करता हूं। आज गोरखपुर से बीजेपी के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय का सम्मान कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने के लिए मैं आया था। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि आगामी दिनों में उनके नेतृत्व में पार्टी अच्छा करेगी।
इसके अलावा, जब उनसे सवाल किया गया कि क्या राम मंदिर चढ़ावा विवाद का आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव पर कोई असर पड़ेगा, तो इस पर मंत्री एके शर्मा ने कहा कि राम मंदिर का मुद्दा पूरे भारत के लिए जिनता आस्था का विषय है, उतना ही हम सभी के मन में भगवान राम के लिए आस्था है।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी, सीएम योगी और सरकार में शामिल सभी लोग राम भक्त हैं। हमारी आस्था में कोई भी कमी नहीं आई है। व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं आएगी, जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। राम के प्रति हमारी भक्ति जैसे सनातन समय से चली आ रही है, वैसे ही आगे चलते रहेगी।
टीएमसी नेताओं के घर पर अंडे और पत्थर फेंके गए हैं, जिसका आरोप बीजेपी नेताओं पर लगा है। इस पर मंत्री ए.के शर्मा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था पहले खराब रहा करती थी। लेकिन, अब ऐसा नहीं है। बीजेपी के शासनकाल में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। बहुत जल्द पश्चिम बंगाल में भी कानून व्यवस्था का राज स्थापित किया जाएगा। इस दिशा में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। हम यही सुनिश्चित कर रहे हैं कि सबकुछ निर्धारित रूपरेखा के तहत हो।

