भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने प्रदेश में अग्नि सुरक्षा को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी नगरीय निकायों में फायर ऑडिट कराया जाएगा और इसके लिए संबंधित निकायों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।


मंत्री विजयवर्गीय ने बताया कि प्रदेश में लगभग दो माह पहले से फायर ऑडिट अभियान चलाया जा रहा है। अब तक हुई कार्रवाई की समीक्षा के लिए एक बार फिर बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें यह देखा जाएगा कि विभिन्न नगरीय निकायों द्वारा निर्देशों का कितना पालन किया गया है और क्या प्रगति हुई है।


उन्होंने कहा कि प्रदेशभर की इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है ताकि अग्निकांड जैसी घटनाओं को रोका जा सके। इसके साथ ही कोचिंग संस्थानों, होटलों और अन्य सार्वजनिक भवनों की भी विशेष रूप से जांच की जाएगी। जहां भी अग्नि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


नगरीय प्रशासन मंत्री ने कहा कि सरकार नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और सभी संस्थानों को फायर सेफ्टी मानकों का पालन सुनिश्चित करना होगा। फायर ऑडिट अभियान के माध्यम से संभावित खतरों की पहचान कर समय रहते आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।