भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने राजधानी दिल्ली में बीजेपी नेताओं की बैठकों, भोपाल के मास्टर प्लान और कांग्रेस संगठन में बदलाव को लेकर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बीजेपी के खिलाफ मजबूत एंटी-इंकंबेंसी (सत्ता विरोधी लहर) माहौल है और अब कांग्रेस की वापसी का समय आ गया है।
'बीजेपी की उल्टी गिनती शुरू, दिल्ली में मुख्यमंत्री पद के दावेदारों का मंथन'
दिल्ली में बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं की मुलाकातों और बैठकों पर तंज कसते हुए पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि बीजेपी में अब कोई रणनीति नहीं बची है। जो नेता मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा रखते हैं, वही दिल्ली के चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा भी अपना बूथ तक नहीं जीत सके। बीजेपी की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और अब मध्यप्रदेश में कांग्रेस की बारी है।
भोपाल मास्टर प्लान में भ्रष्टाचार का आरोप, उग्र आंदोलन की चेतावनी
भोपाल मास्टर प्लान पर बोलते हुए पीसी शर्मा ने बीजेपी सरकार पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा: कांग्रेस सरकार के दौरान भोपाल के मास्टर प्लान को पूरा कर लिया गया था, लेकिन बीजेपी सरकार ने इस पर रोक लगा दी। मास्टर प्लान लागू न होने के कारण ही रहवासी क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियां शुरू हुईं, जिससे आज स्थानीय निवासी और छोटे व्यापारी दोनों परेशान हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि मास्टर प्लान का कोई स्थाई समाधान नहीं निकाला गया तो कांग्रेस पार्टी इसके विरोध में भोपाल में बड़ा प्रदर्शन करेगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्षों के प्रदर्शन पर बोले पीसी शर्मा
प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक बदलावों और जिलाध्यक्षों की समीक्षा पर पीसी शर्मा ने कहा कि जिलाध्यक्षों के कामकाज को लेकर भोपाल से लेकर दिल्ली स्तर तक मॉनिटरिंग हुई है। दिल्ली में भी इस विषय पर मंथन किया गया है। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्षों ने अच्छा काम किया है और आगामी परिणामों के आधार पर ही उनकी परफॉर्मेंस का सही आकलन सामने आएगा।




