छतरपुर, विनोद मिश्रा। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सौरा रोड स्थित मित्तल कॉलेज के समीप एक सूने मकान में अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और नकदी, जेवरात, मोटरसाइकिल सहित अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। इतना ही नहीं, घर में रखा गेहूं और दाल भी अपने साथ ले गए।
जानकारी के अनुसार, मकान मालिक चंदा अहिरवार अपने पति बबलू के साथ दौनी गांव गई हुई थीं, जबकि किरायेदार तारिक रायन मुंबई गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। चोर घर से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (एमपी 16 जेडसी 4905), करीब एक तोला सोने की चेन, लगभग 250 ग्राम चांदी की पायल-बिछिया, वाहन की किस्त जमा करने के लिए रखे करीब दो लाख रुपये नकद सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए।
पड़ोसियों ने घर के ताले टूटे देख घटना की सूचना चंदा अहिरवार को दी। सूचना मिलते ही वह परिवार के साथ घर पहुंचीं, जहां अंदर का सामान बिखरा पड़ा मिला। पीड़िता के अनुसार चोरी में करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 और कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है, जबकि अन्य आरोपियों और चोरी गए सामान की तलाश जारी है।




