अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें सरोज, सावित्री और संतोष नाम की तीन बहनें एक ही युवक 'विक्कू' से शादी रचाती नजर आ रही थीं। इस अजीबोगरीब शादी की चर्चा पूरे देश में शुरू हो गई थी और लोग इसे सच मान बैठे थे। हालांकि, अब इस मामले का पूरा सच सामने आ गया है। तीनों युवतियों ने खुद मीडिया के सामने आकर खुलासा किया है कि उन्होंने कोई असली शादी नहीं की है, बल्कि यह केवल उनके सोशल मीडिया चैनल के लिए शूट किया गया एक प्रैंक (नकली) वीडियो था।
युवतियों ने सफाई देते हुए बताया कि वे पिछले दो साल से यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर कंटेंट क्रिएशन और रील्स बनाने का काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रैंक वीडियो शूट करने से पहले उन्होंने एक सबूत के तौर पर वीडियो भी बनाया था कि यह सब सिर्फ एक्टिंग है। उन्होंने स्वीकार किया कि उनसे गलती हुई कि उन्होंने इस प्रैंक को इतना लंबा चलाया और उन्हें अंदाजा नहीं था कि यह इतना ज्यादा वायरल हो जाएगा। नाबालिग से जुड़े सवालों पर उन्होंने कहा कि जब शादी असली ही नहीं है तो इन बातों का कोई मतलब नहीं रह जाता।




