बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र के पुसली गांव में भारतीय वायु सेना में चयनित 21 वर्षीय युवक मोहित गलफट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शनिवार को एयरफोर्स का जॉइनिंग लेटर मिलने की खुशी में मोहित ने गांव के हनुमान मंदिर में मिठाई बांटी थी, लेकिन उसी रात घर से मंदिर जाने की बात कहकर निकला और वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह खेत के पास स्थित एक कुएं से उसका शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।


परिजनों के अनुसार, मोहित शनिवार रात करीब आठ बजे मंदिर जाने की बात कहकर निकला था। रात 10 बजे फोन करने पर उसने कॉल रिसीव नहीं किया। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह खेत के पास झोपड़ी का सामान बिखरा मिला और कुएं के पास उसके जूते, मोबाइल तथा अलग-अलग स्थानों पर रस्सियां पड़ी मिलीं। इसके बाद पुलिस ने आसपास के कुओं में तलाश कर एक कुएं से मोहित का शव बरामद किया।


जांच अधिकारी के अनुसार, शव के गले में करीब चार फीट लंबा एल्यूमीनियम केबल लिपटा हुआ था। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे फोरेंसिक एक्सपर्ट ने खाली बोरी, बिखरी रस्सियों और अन्य परिस्थितियों के आधार पर आशंका जताई है कि पहले युवक की हत्या की गई और बाद में शव को बोरी में भरकर कुएं में फेंका गया। हालांकि पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर हत्या, दुर्घटना समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।


मृतक के परिजनों ने बताया कि मोहित को सोमवार 27 जुलाई को ट्रेनिंग के लिए देहरादून पहुंचना था और उसका रिजर्वेशन भी हो चुका था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार ने घटना को हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।