घुवारा, रूपेन्द्र पाल। देर रात शराब के नशे में धुत 30 से 40 लोगों के गुंडे गिरोह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) घुवारा में आतंक मचा दिया। उपद्रवियों ने अस्पताल परिसर में घुसकर डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ मारपीट की, शासकीय दस्तावेज फाड़ डाले और परिसर में लगे कांच व अन्य सामान को तोड़-फोड़कर चकनाचूर कर दिया।
घटना की पूरी डिटेल
घटना मंगलवार देर रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। सीएससी घुवारा के मेडिकल ऑफिसर डॉ. आनंद यादव ने बताया कि कुछ लोग सड़क दुर्घटना में घायल मरीजों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर आए थे। इलाज शुरू होते ही वे अचानक भड़क गए, गाली-गलौज करने लगे और स्टाफ पर हमला बोल दिया।
उपद्रवियों ने अस्पताल में रखे महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेज फाड़ दिए और परिसर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान अस्पताल में मौजूद डॉक्टर व कर्मचारियों में भारी अफरा-तफरी मच गई।
स्टाफ ने की पुलिस में शिकायत
पूरे घटनाक्रम के बाद अस्पताल स्टाफ ने घुवारा पुलिस चौकी पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

