सतना। रीवा के एक होटल से शुरू हुआ विवाद अब घरेलू हिंसा, कथित मारपीट और चोरी की शिकायत तक पहुंच गया है। सतना में पदस्थ कॉन्स्टेबल भारती उपाध्याय ने अपने पति एवं वन विभाग के रेंजर बृजेन्द्र पांडेय पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भारती का दावा है कि उन्होंने 15 जून को रीवा स्थित एक होटल में अपने पति को एक युवती के साथ पकड़ा था, जिसके बाद विवाद लगातार बढ़ता गया।
भारती उपाध्याय ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि उनके पति रीवा हाईवे स्थित एक होटल के कमरे में किसी युवती के साथ रुके हुए हैं। संदेह के आधार पर जब वह होटल पहुंचीं और कमरे की जांच की, तो बाथरूम में एक युवती मिली। इस दौरान विवाद बढ़ गया और कथित रूप से धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। भारती का आरोप है कि युवती को बाद में रेंजर के भाई द्वारा वहां से ले जाया गया।
मामले में नया मोड़ तब आया जब भारती ने अगस्त 2025 का एक CCTV वीडियो सार्वजनिक किया। उनका दावा है कि वीडियो बरौंधा स्थित सरकारी आवास का है, जिसमें उनके साथ पति द्वारा मारपीट की घटना रिकॉर्ड हुई है। भारती के अनुसार पति की दूसरी महिलाओं से बातचीत और संबंधों को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते कई बार तनाव और झगड़े की स्थिति बनी।
दूसरी ओर, होटल विवाद के बाद रेंजर बृजेन्द्र पांडेय की ओर से कार, दो लाख रुपए नकद और एक आईफोन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई। भारती ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि संबंधित अवधि में वाहन सतना में मौजूद था, जिसकी पुष्टि CCTV फुटेज और अन्य रिकॉर्ड से हो सकती है। उन्होंने नकदी और मोबाइल चोरी के दावे पर भी सवाल उठाए हैं।
कॉन्स्टेबल भारती उपाध्याय ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि होटल की घटना, घरेलू हिंसा के आरोप, CCTV फुटेज और चोरी की शिकायत समेत सभी तथ्यों की स्वतंत्र जांच होने पर सच्चाई सामने आ जाएगी। फिलहाल मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

