हरपालपुर। थाना क्षेत्र से सटे उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के महोबकंठ थाना अंतर्गत ग्राम गाड़ो में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। तैईया बांध में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम गाड़ो निवासी 11 वर्षीय हृदेश विश्वकर्मा पिता भरत विश्वकर्मा सुबह करीब साढ़े 9 बजे तैईया बांध में नहा रहा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में जाने से डूबने लगा। हृदेश को बचाने के प्रयास में 19 वर्षीय निहाल साहू पिता प्रकाश साहू बांध में कूद गया, लेकिन वह भी पानी में डूब गया।
दोनों बच्चों को डूबता देख वहां मौजूद एक अन्य बच्चे ने गांव जाकर ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला। परिजन और ग्रामीण दोनों को तत्काल हरपालपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर 108 एम्बुलेंस की मदद से नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया।
नौगांव अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर नौगांव थाना पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर जीरो पर मर्ग कायम किया है। दो मासूम बच्चों की एक साथ मौत से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।

