छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में शादी के महज 52 दिन बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 26 जून को मनीषा पटेल का शव उसके ससुराल स्थित रसोईघर में फंदे से लटका मिला था। मृतका का विवाह 5 मई को शिवम पटेल से हुआ था। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ, लेकिन जांच के दौरान मिले डिजिटल साक्ष्यों ने मामले को नया मोड़ दे दिया।
पुलिस जांच और परिजनों के अनुसार, मृतका के मोबाइल फोन से मिली कथित चैटिंग में शादी से पहले उसके एक दूर के रिश्तेदार (जीजा) अजय के साथ प्रेम संबंध होने के संकेत मिले हैं। चैट में दोनों के बीच अपने-अपने जीवनसाथी को रास्ते से हटाने जैसी कथित आपराधिक साजिश संबंधी बातचीत होने की बात भी सामने आई है। हालांकि इन चैट्स की सत्यता और कानूनी प्रमाणिकता की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
बताया जा रहा है कि इस कथित चैट की जानकारी ससुराल पक्ष के साथ-साथ मायके पक्ष को भी हो गई थी। इसके बाद पारिवारिक तनाव बढ़ गया। आशंका जताई जा रही है कि मानसिक दबाव और आत्मग्लानि के चलते नवविवाहिता ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया हो। हालांकि आत्महत्या के कारणों को लेकर पुलिस ने अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है।
इधर, मृतका के पति शिवम पटेल के परिजनों ने आशंका व्यक्त की है कि इस घटना के बाद उन्हें दहेज प्रताड़ना के झूठे प्रकरण में फंसाया जा सकता है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
खजुराहो एसडीओपी मनमोहन सिंह बघेल ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल से प्राप्त डिजिटल साक्ष्य, फॉरेंसिक जांच तथा दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और अन्य संभावित पहलुओं पर स्पष्ट स्थिति सामने आ सकेगी।

