सतना, अंबिका केशरी। शिक्षा व्यवस्था में सुधार, छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों और विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को सतना में छात्रों एवं युवाओं ने प्रदर्शन किया। सर्किट हाउस स्थित व्यंकट स्कूल से निकली रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं।


प्रदर्शन का नेतृत्व सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र कुमार पटेल ने किया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल या संगठन का नहीं, बल्कि देश के छात्रों और युवाओं के अधिकारों तथा उनके बेहतर भविष्य के लिए चलाया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग उठाई। इस दौरान युवाओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नारेबाजी की तथा कहा कि उनकी आवाज संसद तक पहुंचनी चाहिए।


प्रदर्शन में शामिल वक्ताओं ने पर्यावरणविद् एवं शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक के समर्थन में भी अपनी एकजुटता व्यक्त की। उनका कहना था कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे सोनम वांगचुक और अन्य प्रदर्शनकारियों को हटाए जाने की घटना लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़ा गंभीर विषय है।


प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सोनम वांगचुक को उचित सम्मान दिया जाए तथा उनकी ओर से उठाए गए मुद्दों और मांगों पर केंद्र सरकार गंभीरता से विचार करे। ज्ञापन के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था में सुधार, छात्रों के हितों की सुरक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कदम उठाने की मांग प्रशासन के माध्यम से केंद्र सरकार तक पहुंचाने का आग्रह किया गया।